उत्तर प्रदेशमहराजगंज

नौतनवा इंटर कॉलेज के पीछे सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल




स्थानीय लोगों में चर्चा , राजस्व कर्मी की मिलीभगत से भूमाफिया सक्रिय, जांच की मांग तेज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


नौतनवा/महराजगंज। नगर क्षेत्र में नौतनवा इंटर कॉलेज के पीछे स्थित सरकारी भूमि पर हो रहे निर्माण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस भूमि को सरकारी अभिलेखों में दर्ज बताया जा रहा है, वहां पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस मामले को लेकर अब राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।


क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार उक्त जमीन पर हाल के दिनों में निर्माण गतिविधियां शुरू हुई हैं, जिससे लोगों के बीच यह चर्चा है कि कहीं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा तो नहीं किया जा रहा। लोगों का आरोप है कि यदि यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है, तो ऐसे में निर्माण कार्य कैसे जारी है, यह जांच का विषय होना चाहिए।


स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इस पूरे मामले में कुछ राजस्व कर्मियों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। लोगों का कहना है कि सरकारी जमीन की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी राजस्व विभाग की होती है, ऐसे में यदि उसी विभाग के कर्मचारियों पर सवाल उठने लगें तो स्थिति गंभीर मानी जाती है।


मामले को लेकर जब क्षेत्रीय लेखपाल कृष्ण गोपाल से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले वे जमीन से संबंधित अभिलेखों की जांच कर लेंगे, उसके बाद ही इस बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।


इस बीच स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जमीन सरकारी पाई जाती है और उस पर अवैध निर्माण हो रहा है, तो तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में सरकारी जमीनों पर कब्जे की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}