बिना नंबर प्लेट अब सड़क पर नहीं दौड़ेंगे नए वाहन, वाराणसी डीलर्स का सख्त फैसला

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर फैसला, नवरात्र में हेलमेट के साथ जागरूकता अभियान भी चलेगा
वाराणसी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने बड़ा कदम उठाया है। महमूरगंज स्थित एजीआर शोरूम में मंगलवार को आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि अब कोई भी नया वाहन बिना नंबर के शोरूम से बाहर नहीं निकलेगा।
बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशों का हवाला देते हुए तय किया गया कि वाहन बिक्री के समय ही पंजीयन शुल्क की रसीद और आवंटित नंबर को अस्थायी रूप से वाहन के आगे-पीछे अंकित किया जाएगा। इससे बिना नंबर के वाहन चलाने पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकेगी।
नवरात्र के अवसर पर ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने हर वाहन के साथ दो हेलमेट देने का भी निर्णय लिया है। साथ ही, ग्राहकों को वाहन सुपुर्द करते समय यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट मिलने में समय लग सकता है, लेकिन नियमों के पालन में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नंबर आवंटित होते ही उसे वाहन पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
बैठक में उपाध्यक्ष उदय राज सिंह, महासचिव राजीव खुराना, कोषाध्यक्ष प्रभंजन चंद्रा समेत कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।



