विकास भवन में बढ़ते विवाद: महिला अधिकारी से अभद्रता, कर्मचारियों में आक्रोश

महराजगंज जिले के विकास भवन में विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को डीपीआरओ कार्यालय में एक महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार की घटना सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, विकास खंड पनियरा की ग्राम पंचायत सोहास के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने कार्यालय पहुंचकर महिला अधिकारी व कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद कर्मचारियों में गहरा रोष और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि ऐसी घटनाएं लगातार होती रहीं तो कार्य व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
गौरतलब है कि पिछले एक माह में विकास भवन में यह तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले डीसी मनरेगा और आरईएस के अधिशासी अभियंता के साथ भी अभद्रता के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो संबंधित ग्राम पंचायत में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही, कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।



