‘लेडी सिंघम’ नीतू काद्दयान ने संभाली कमान, गोमती जोन में सख्ती के संकेत

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। गोमती जोन में नई तैनाती के साथ पुलिसिंग का अंदाज अब और तेज व तकनीक-सक्षम होने जा रहा है। ‘लेडी सिंघम’ के नाम से चर्चित आईपीएस अधिकारी नीतू काद्दयान ने पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट संदेश दिया ,जनता से शिष्टता और अपराधियों के प्रति सख्ती में कोई समझौता नहीं होगा।
बैठक में डीसीपी ने थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही दलालों व बाहरी हस्तक्षेप पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए।
डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए उन्होंने ई-साक्ष्य, iGOT कर्मयोगी, यक्ष और ई-समन पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म के शत-प्रतिशत उपयोग को अनिवार्य किया। सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसीपी ने गो-तस्करी, अवैध शराब व जुए जैसे अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की बात कही और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या तकनीकी कार्यों में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आमजन में विश्वास कायम करना भी है। नई तैनाती के साथ गोमती जोन में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाए जाने के संकेत मिल रहे हैं।



