भरसर खास विद्युत उपकेंद्र पर उपभोक्ता से अभद्रता का आरोप, रातभर अंधेरे में रहा परिवार

कप्तानगंज (कुशीनगर)। कप्तानगंज विकासखंड के विद्युत उपकेंद्र भरसर खास (कारितीन) पर तैनात कर्मचारी पर उपभोक्ता ने लापरवाही, अभद्र व्यवहार और शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
कारितीन निवासी सगुण शर्मा के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:50 बजे उनके घर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शिकायत दर्ज कराने के लिए वह विद्युत उपकेंद्र पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद परिचालक विपिन कन्नौजिया ने पहले बिजली बिल जमा होने की जानकारी ली। उपभोक्ता द्वारा बिल जमा होने की बात बताने पर आरोप है कि कर्मचारी ने कहा कि “इस समय न शिकायत दर्ज होगी और न ही बिजली ठीक होगी, कल आइए।”
पीड़ित का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पूरा परिवार रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर रहा। परिवार में एक मरीज भी होने के कारण परेशानी और बढ़ गई। उपभोक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विद्युत उपखंड अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
पीड़ित ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उपभोक्ताओं के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे कर्मचारियों के कारण विभाग और सरकार की छवि आम जनता के बीच प्रभावित होती है।
हालांकि, इस संबंध में विद्युत विभाग का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



