बिना कागजात बाइक चला रहा युवक धराया , पुलिस थाने ले गई

हर्षोदय टाइम्स/बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर शुक्रवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को बिना आवश्यक कागजात के पकड़ लिया। पुलिस युवक और बाइक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पुरैना खंडी चौराहे पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक को रोककर पुलिस ने वाहन के आवश्यक दस्तावेज मांगे। युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम-पता भी स्पष्ट रूप से नहीं बता सका।
युवक के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया और युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस बाइक के स्वामित्व और युवक की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई के दौरान चौराहे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ भी जुट गई।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



