राम कुमार इंटर कॉलेज के शिक्षक शत्रुघन यादव को भावभीनी विदाई, मेघालय नवोदय विद्यालय में चयन पर हुआ सम्मान

महराजगंज। पनियरा नगर पंचायत स्थित राम कुमार इंटर कॉलेज में सोमवार को भावनाओं से भरा विदाई समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के शिक्षक शत्रुघन यादव का मेघालय स्थित नवोदय विद्यालय में चयन होने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य बिकेंद्र सिंह ने शत्रुघन यादव को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शत्रुघन यादव ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, निष्ठा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी शिक्षण शैली और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार ने उन्हें सभी का प्रिय शिक्षक बनाया। विद्यालय परिवार उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
अपने विदाई संबोधन में शत्रुघन यादव ने विद्यालय में बिताए गए वर्षों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि यहां से मिला स्नेह, सहयोग और सम्मान उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई जिम्मेदारियों के बीच भी राम कुमार इंटर कॉलेज की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा नई पारी के लिए सफलता की कामना की। इस अवसर पर आद्या गुप्ता, केदारनाथ प्रजापति, राहुल सिंह, रूपम सिंह, अनिल गुप्ता, रविंद्र यादव, आलोक सिंह, विश्वभर, कृष्ण सिंह, शमीम, दिलीप कुमार राय, मुक्तिनाथ, हृदेश सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



