नहर की पटरी पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान अधेड़ की मौत

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा और अमवा भैंसी गांव के सिवान के बीच नहर की पटरी पर गुरुवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 55 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल से गोरखपुर के निजी अस्पताल ले गए थे, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार परसिया टोला बरगदहिया निवासी पशुपतिनाथ पांडेय (55) गुरुवार शाम करीब चार बजे मोटरसाइकिल से अगया पुल की ओर से नहर की पटरी पकड़कर अमवा भैंसी की तरफ जा रहे थे। अमवा भैंसी के सिवान के पास पहुंचने पर वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
कुछ देर बाद राहगीरों की नजर घायल अवस्था में पड़े पशुपतिनाथ पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय महराजगंज ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उनका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में करा रहे थे।
गुरुवार देर रात करीब दस बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



