पंचायत भवन में सरकारी कर्मचारी से मारपीट, धमकी देकर कागजात फाड़े

बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम हरखी निपनिया टोला स्थित पंचायत भवन में पंचायत सहायक के साथ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 21 जनवरी की बताई जा रही है।
पीड़ित पंचायत सहायक जितन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पंचायत भवन में नियमित सरकारी कार्य निपटा रहे थे, तभी गांव के करन उर्फ भोला, पवन सिंह तथा एक अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने उनकी माता की विधवा पेंशन बंद होने और जन्म प्रमाण पत्र न बनने को लेकर नाराजगी जताई। पंचायत सहायक द्वारा नियमों के अनुसार स्थिति स्पष्ट करने पर आरोपी आग-बबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना पर घुघली थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर करन उर्फ भोला, पवन सिंह व एक अज्ञात युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



