जिला आबकारी अधिकारी पर 14 लाख रुपये की कथित वसूली और मारपीट का आरोप, मुख्यमंत्री से शिकायत

शराब दुकान संचालक ने ऑडियो-वीडियो साक्ष्य होने का किया दावा, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिनिहा निवासी संदीप विश्वकर्मा ने जिला आबकारी अधिकारी अतुल चंद द्विवेदी के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री समेत उच्च अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी माता अनूपा के नाम आवंटित देशी शराब की दुकान से प्रतिमाह ₹5,000 की अवैध वसूली की जाती थी। शिकायत के अनुसार 30 मई 2026 को जिला आबकारी अधिकारी दुकान पर पहुंचे, कथित रूप से सीसीटीवी कैमरे बंद कराए और आधी शीशी बेचने का आरोप लगाते हुए संदीप विश्वकर्मा तथा उनके भाई पवन कुमार को आबकारी कार्यालय ले गए। वहां उनके साथ मारपीट करने, ₹14 लाख की मांग करने तथा राशि नहीं देने पर दुकान निरस्त कराने और पूरे परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 2 जून 2026 को आबकारी निरीक्षक दीपेन्द्र त्रिपाठी एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में कथित रूप से दबाव बनाकर ₹8 लाख आरटीजीएस के माध्यम से एक बैंक खाते में जमा कराए गए। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि अब भी ₹6 लाख की अतिरिक्त मांग की जा रही है और भुगतान नहीं करने पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। साथ ही दुकान का माल निर्गमन (निकासी) रोकने तथा अन्य दुकानों का माल उनकी दुकान पर भेजकर अवैध वसूली करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
संदीप विश्वकर्मा ने अपने शिकायत पत्र में दावा किया है कि उनके पास कथित रुपया मांगने से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव आबकारी, संयुक्त आबकारी आयुक्त, उप आबकारी आयुक्त तथा जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जिला आबकारी अधिकारी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



