लखनऊ

यूपी में बड़े फेरबदल के संकेत, CM योगी और प्रदेश अध्यक्ष की मैराथन बैठक; जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो

लखनऊ, 12 अप्रैल : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच शनिवार को हुई लंबी और अहम बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार तथा संगठनात्मक फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक विस्तृत ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया गया है।


इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री Vinod Tawde के रविवार को लखनऊ दौरे ने सियासी हलचल को और बढ़ा दिया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ अहम बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव, विभिन्न मोर्चों के पुनर्गठन और संभावित नए मंत्रियों के नामों पर गंभीर चर्चा होगी।


बैठक में सरकार और संगठन के बीच तालमेल को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण पर भी मंथन हुआ। प्रदर्शन के आधार पर मंत्रिमंडल में बदलाव और रिक्त पदों को भरने पर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है।


पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संभावित नामों पर मंथन जारी है, लेकिन अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा। वर्तमान में शीर्ष नेतृत्व अन्य राज्यों के चुनावी कार्यक्रमों में व्यस्त है, जिससे औपचारिक घोषणा में कुछ समय लग सकता है।


राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रस्तावित फेरबदल आगामी चुनावी समीकरणों को साधने और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}