
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सीतामढ़ी/महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स): बिहार के सीतामढ़ी जिले में कार्यरत एक एसएसबी जवान को गायब होने के करीब 30 घंटे बाद नेपाल से बरामद कर लिया गया है। सीतामढ़ी पुलिस जवान की बेसब्री से तलाश कर रही थी। जवान सकुशल बताया गया है। हालांकि बरामदगी के बारे में पुलिस विशेष कुछ नहीं बता रही है। जवान के सकुशल बरामद हो जाने से एक ओर जहां एसएसबी के अधिकारी और जवान के परिजन राहत महसूस कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ जिला पुलिस भी टेंशन मुक्त हो गई है। जवान का शीघ्र बरामद होना, पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एसएसबी जवान के गायब होने पर विभाग में मचा था हड़कंप
बताया गया है कि डुमरा प्रखंड अंतर्गत पकटोला में एसएसबी की 20 वीं बटालियन का कैंप है। यहां के आर रोहित सिंह नामक एक जवान बीते 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे अपने आवास से कुछ सामान की खरीदारी करने बाजार की ओर निकला था पर वह शाम के सात बजे तक नहीं लौटा। पत्नी से खबर मिलने पर वाहिनी के मुख्यालय में अधिकारी और जवानों में हड़कंप मच गया। तुरंत एसएसबी के जवानों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। स्टेशन के आलावा बाजार समेत अन्य संभावित स्थानों पर खोज की गई, पर नहीं मिला। पूरी रात परिजन, अधिकारी और जवान बेचैन रहे।
प्राथमिकी दर्ज कराकर जवान की खोज में जुटी पुलिस
बता दें कि बीते 23 नवंबर यानी गुरुवार को एसएसबी के निरीक्षक रामचंद्र यादव ने जवान रोहित सिंह की गुमशुदगी के संबंध में डुमरा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस जवान की खोज में बेसब्री से जुट गई। वीडियो जारी कर मामले की पुष्टि सदर डीएसपी राम कृष्णा ने की। बताया गया कि पुलिस, जवान की पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर खोज शुरू कर दी।
इस बीच सहियारा थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव से लावारिस अवस्था में जवान की स्कूटी, बैग और जैकेट बरामद किया गया। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया था। इसके बाद जवान की खोज पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई । खबर मिली है कि पुलिस ने जवान को सीमावर्ती नेपाल के गौर शहर से सकुशल बरामद कर ली है। हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।