प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड की दुबई यात्रा को लेकर दो घंटे पहले ही नेपाल एयरलाइंस के विमान ने भरी उड़ान, छूटे हुए 31 यात्री हुए परेशान

जलवायु सम्मेलन में सरकारी प्रतिनिधि मंडल के साथ शामिल होने के लिए दुबई जा रहे थे प्रचंड, इसलिए समय से पहले विमान ने भरी उड़ान – नेपाल एअरलाइंस
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू /महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स): नेपाल एयरलाइंस के विमान ने निर्धारित समय से दो घंटे पहले ही उड़ान भरी और दुबई रवाना हो गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 274 यात्रियों में से 31 यात्री काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ही छूट गए। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल उर्फ प्रचंड इसी विमान से दुबई गए हैं। इसी कारण विमान ने समय से दो घंटे पहले उड़ान भरी। एयरलाइंस ने कहा, दुबई जाने वाली उड़ान – आरए 299 बुधवार रात 11.30 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन विमान ने रात 9.30 बजे ही उड़ान भरी।
प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल उर्फ प्रचंड उसी उड़ान में थे। वह जलवायु सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रतिनिधिमंडल के साथ दुबई रवाना हो रहे थे। इस कारण विमान को जल्दी रवाना होना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि उसने मोबाइल फोन और ईमेल के जरिये नये शेड्यूल के बारे में जानकारी दी थी। एयरलाइंस सूत्रों के अनुसार छूटे यात्रियों को एयरलाइंस ने होटल में ठहराया और अगले दिन उनकी उड़ान की व्यवस्था की।