उत्तर प्रदेश

काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग बंद


बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, रोजाना औसतन तीन लाख भक्त कर रहे बाबा का दर्शन


वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने महाशिवरात्रि तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग बंद करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 15 और 16 फरवरी सहित आगामी दिनों में लागू रहेगी। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।


मंदिर प्रशासन के अनुसार, त्योहारों को छोड़कर अन्य दिनों के लिए श्रद्धालु मंदिर परिसर में बने काउंटरों से ऑफलाइन टिकट प्राप्त कर सकेंगे। बढ़ती भीड़ के चलते दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।



बताया गया कि इस माह श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन औसतन तीन लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी माह के पहले 16 दिनों में ही करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए।



प्रशासन का अनुमान है कि मौनी अमावस्या स्नान के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा हो सकता है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
विशेष दर्शन की व्यवस्था जारी
सामान्य दर्शन के साथ-साथ विशेष दर्शन की सुविधा भी जारी रहेगी। विशेष दर्शन के लिए श्रद्धालु 300 रुपये शुल्क के साथ काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।


श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष बैरिकेडिंग की गई है।


मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और धैर्य बनाए रखते हुए दर्शन करें, ताकि सभी भक्तों को सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}