भारत में रह रहे नेपाली यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यूपी रोडवेज की बसों का संचालन अब नेपालगंज तक

हर्षोदय टाइम्स : उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज : यूपी की रोडवेज बसें अब नेपालगंज तक फर्राटा भरेंगी। पांच राज्यों तक निगम की बसों के संचालन की औपचारिकताएं पूरी हो गई और समझौते पर मुहर लग गई है। अंतिम दौर में दोनों देशों के बीच परमिट प्रक्रिया जारी है।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के बांके जिला मुख्यालय नेपालगंज तक फर्राटा भरेंगी। दोनों देशों के बीच परिवहन सेवा के सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय परमिट की औपचारिकताएं भी पूरी हो चुकी हैं। नेपालगंज से यात्रियों को लेकर परिवहन निगम की बसें भारत के पांच राज्यों तक फर्राटा भर सकेंगी। सरकार के इस कदम से दोनों देशों के बीच रिश्ते ही प्रगाढ़ नहीं होंगे, बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी मजबूती मिलेगी।
भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा दोनों देशों के लिए मजबूत व्यापारिक कड़ी के रूप में साबित हो रही है। सीमा से लगे बांके, दांग, दैलेख, कंचनपुर, कैलाली, सुर्खेत, मुगु, जाजरकोट, जुमला, हुमला समेत 10 जिलों के अधिकांश नागरिक रुपईडीहा बार्डर पार कर रोजगार के सिलसिले में भारत के विभिन्न राज्यों में पहुंचते हैं। इन नागरिकों को सुविधाएं मुहैय्या कराने व प्रत्यक्ष रूप से नेपाल को आर्थिक मदद को लेकर भारत सरकार की ओर से नेपालगंज से परिवहन निगम की बसें संचालन को लेकर समझौता किया गया है।
समझौते के आधार पर नए सिरे से भारतीय निगम के अधिकारियों की टीम ने विगत दिनों सर्वे रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराया था। अब परिवहन सेवा को लेकर अंतर्राष्ट्रीय परमिट के लिए आवेदन भी कर दिया गया है। जल्द ही परमिट की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
सर्वाधिक बसें दिल्ली, हरिद्वार और लखनऊ को चलेंगी
नेपालगंज से भले ही पांच राज्यों के लिए रोडवेज बसों के चलने को लेकर निगम तैयारियां कर रहा है, लेकिन ज्यादातर बसें दिल्ली, हरिद्वार व लखनऊ के रूट पर ही दौड़ेंगी। इसके अलावा राजथान, मध्य प्रदेश, हिमांचल के लिए एक-एक बसों के संचालन पर विचार हो रहा है।
समझौते के आधार पर नए सिरे से भारतीय निगम के अधिकारियों की टीम ने विगत दिनों सर्वे रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराया था। अब परिवहन सेवा को लेकर अंतर्राष्ट्रीय परमिट के लिए आवेदन भी कर दिया गया है। जल्द ही परमिट की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
बहराइच परिवहन निगम के एआरएम, प्रेम कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच 15 रोडवेज बसों के संचालन को लेकर सर्वे पूरा हो गया है। नेपालगंज तक रोडवेज बसें संचालित होनी हैं। परमिट के लिए आवेदन किए जा रहे हैं।