मानसून से पहले ड्रेनेज सुधार की कवायद तेज, महापौर-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
वाराणसी। शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभिन्न वार्डों का संयुक्त निरीक्षण कर नाला सफाई कार्यों की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंदवा-19, सुसुवाही-39 और करौंदी-33 वार्डों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का जायजा लिया। महापौर ने निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

निरीक्षण की शुरुआत चितईपुर क्षेत्र से हुई, जहां मुख्य मार्ग के बड़े नाले और गांव के अंदर की ड्रेनेज लाइन की स्थिति देखी गई। इसके बाद टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची, जहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा की गई। मीरानगर एक्सटेंशन में नाले, शिव नगर कॉलोनी में विकसित हो रहे मियावाकी जंगल और निर्माणाधीन पार्क का भी अवलोकन किया गया।
सुसुवाही के आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी सड़क और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुरेश पटेल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी इंद्र विजय, जोनल स्वच्छता अधिकारी गजेंद्र सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



