मुख्यमंत्री से मिले पनियरा विधायक, वनटांगिया गांवों की भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

हर्षोदय टाइम्स / कौशल श्रीवास्तव
लखनऊ/महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के वनटांगिया गांवों में निवास कर रहे ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को लेकर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने वनटांगिया गांवों में वरासत, खारिज दाखिल एवं चकबंदी से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्रक सौंपते हुए बताया कि वनटांगिया गांवों के कई परिवार वर्षों से भूमि संबंधी अभिलेखीय समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसके कारण किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण की मांग करते हुए ग्रामीण हित में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक ने विश्वास जताया कि सरकार की सकारात्मक पहल से वनटांगिया गांवों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।



