उत्तर प्रदेश

डिप्टी सीएम के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टला


उड़ान के दौरान केबिन में भर गया धुआं, पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित उतारा गया हेलीकॉप्टर


लखनऊ, 08 मार्च। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हवाई हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशाम्बी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।


जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या आ गई और देखते ही देखते केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। अचानक धुआं फैलने से हेलीकॉप्टर में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को निकटतम हवाई अड्डे पर उतारने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद हेलीकॉप्टर को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी) पर सुरक्षित उतार लिया गया।


पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और आगे की यात्रा की व्यवस्था की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}