उत्तर प्रदेशवाराणसी

विकास कार्यों की रफ्तार पर प्रभारी मंत्री की नजर, एयरपोर्ट व गंजारी स्टेडियम का किया निरीक्षण

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


वाराणसी, 26 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री व वाराणसी जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को जनपद में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के विस्तार कार्य तथा गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया।


सबसे पहले मंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने नए टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार और एप्रन क्षेत्र के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से जानकारी लेते हुए टर्मिनल भवन के ग्राउंड व प्रथम तल का निरीक्षण किया। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।


इसके बाद प्रभारी मंत्री गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से 30.66 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहे इस स्टेडियम की प्रगति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम का लगभग 94 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और इसे वर्ष 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित है। स्टेडियम की दर्शक क्षमता 30 हजार से 40 हजार के बीच होगी।


स्टेडियम की विशेषता इसकी काशी थीम आधारित वास्तुकला है, जिसमें त्रिशूल आकार की फ्लडलाइट्स तथा डमरू व घाट की तर्ज पर विकसित पवेलियन प्रमुख आकर्षण होंगे। साथ ही यहां 14 अंतरराष्ट्रीय मानकों की पिचें और अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है।


निरीक्षण के दौरान एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा सहित एयरपोर्ट निदेशक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि वाराणसी के बुनियादी ढांचे और पर्यटन को नई गति मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}