सड़क किनारे खेत में भरे पानी में मिला युवक का शव, डूबने से मौत की आशंका

रक्षाबंधन पर घर आए महम्मदा निवासी साहेब चौधरी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव निवासी एक युवक का शव मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खेत में भरे पानी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महम्मदा गांव निवासी साहेब चौधरी (40) पुत्र रामअवध चौधरी का शव श्यामदेउरवा-बड़हरा-बरईपार मार्ग पर स्थित एक शराब ठेके के सामने सड़क किनारे खेत में भरे पानी में मिला। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना श्यामदेउरवा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाने के उपनिरीक्षक अंजनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि साहेब चौधरी बाहर रहकर काम करते थे और रक्षाबंधन के पर्व पर अपने घर आए हुए थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी और बड़ी बहन घटनास्थल पर पहुंच गईं। शव देखकर दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



