बेसुध छात्रा को कार सवारों ने सड़क किनारे फेंका, मचा हड़कंप

जोगिया रेलवे क्रॉसिंग के पास बेहोशी की हालत में मिली स्नातक की छात्रा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के जोगिया रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को सड़क किनारे एक स्नातक की छात्रा के बेहोशी की हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार कुछ युवक छात्रा को सड़क किनारे छोड़कर तेज गति से फरार हो गए। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा के होश में आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
छात्रा को सड़क किनारे बेसुध पड़ा देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।
घटना के बाद छात्रा की स्थिति को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। छात्रा के होश में आने और उसके बयान दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह जोगिया रेलवे क्रॉसिंग के पास किन परिस्थितियों में पहुंची और उसके साथ क्या हुआ।
स्थानीय स्तर पर छात्रा को कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिए जाने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नशे की हालत में मिली थी छात्रा : थानाध्यक्ष
घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि छात्रा नशे की हालत में मिली थी। उसे तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रही है और छात्रा के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



