पिपरिया शिव मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड नंबर 10 बिस्मिलनगर (पिपरिया) स्थित शिव मंदिर परिसर में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर ध्रुप विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ यजमान बने और विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन कराया। मंदिर में पुरोहित शम्भूनाथ त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई।
इस दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक सोहर एवं मंगल गीत प्रस्तुत किए, जबकि कीर्तन समाज की ओर से भजन-कीर्तन किया गया। जैसे-जैसे मध्यरात्रि का समय नजदीक आया, श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपरांत आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों के अनुसार जन्माष्टमी के बाद यह धार्मिक आयोजन छठीहार तक छह दिनों तक चलेगा। छठीहार के दिन पूरे गांव में डीजे के साथ भगवान श्रीकृष्ण के डोल को धूमधाम से घुमाते हुए विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
जन्मोत्सव कार्यक्रम में केशव त्रिपाठी, दीनानाथ चौधरी, सुभाष चौधरी, विजय चौधरी, विद्या चौधरी, अजय विश्वकर्मा, सुभाष विश्वकर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा, रामचंद्र विश्वकर्मा, सुनील शर्मा, राजेश गुप्ता, रामकेवल गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, भरत चौधरी, रामआधार पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।





